श्योपुर शहर सहित प्रभावित ग्रामों का पुनर्निर्माण होगा: मुख्यमंत्री

 बाढ़ प्रभावित श्योपुर जिले को तेजी से उबारने के प्रयास होगें- नरेंद्र तोमर

भोपाल :- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं स्थानीय सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने श्योपुर में नगरपालिका के मैरिज गार्डन 

में बाढ़ प्रभावित लोगों मिलकर उन्हें ढाँढस बंधाया तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि श्योपुर शहर सहित सभी प्रभावित ग्रामों का पुर्निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि संकट बड़ा है, पर सरकार आपके साथ खड़ी है। चिंता की कोई बात नहीं है। इस संकट से हम जरूर उबरेंगे। शासन, प्रशासन सब प्रकार की व्यवस्थाए  सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने तात्कालिक रूप से सहायता करने वाले श्योपुर के विभिन्न समाज-जन, व्यापारियों आदि को धन्यवाद दिया और कहा कि जिसका भी नुकसान हुआ है, हर एक की मदद की जायेगी। उन्होंने कहा कि आप संकट में थे, तो मैं भी चैन की नींद नहीं सोया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नुकसान का पारदर्शी सर्वे कराये जाने के निर्देश दे दिये गये हैं। कोई भी प्रभावित छूटना नहीं चाहिए, चाहे सर्वे दो बार या तीन बार करना पड़े। प्रशासन को निर्देश दिए गए कि उदारतापूर्वक सर्वे का कार्य किया जाए, जिनके मकान टूटे हैं अथवा ध्वस्त हो गये हैं, उन्हें मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रूपये की राशि दिये जाने का प्रावधान किया है। यह राशि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रभावितों को दी जावेगी। 6-6 हजार रूपयें की राशि तात्कालिक रूप से आवास व्यवस्था तथा गृहस्थी के सामान के लिए 5-5 हजार रूपये की राशि प्रदाय कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों के नुकसान के लिए सर्वे कराया जाएगा तथा क्षति का आंकलन कर नुकसान की भरपाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति की राहत राशि में से कोई भी बैंक किसी भी प्रकार की राशि नहीं काटेगा। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने कलेक्टर को निर्देशित किया। बाढ़ प्रभावित व्यापारियों से चर्चा में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिन व्यापारियों, दुकानदारों का पानी के कारण नुकसान हुआ है। उनके लिए भी कुछ न कुछ रास्ता निकाला जाएगा। व्यापार पुन: चालू करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराये जायेंगे तथा ब्याज की राशि शासन द्वारा वहन की जायेगी।

उन्होंने कहा कि शहर की जो निचली बस्तियां एवं ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे गांव, जो डूब क्षेत्र में संभावित है,को उपयुक्त जमीन देकर बसाने की कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने बाढ़ के समय में क्षेत्रीय सांसद केन्द्रीय मंत्री तोमर द्वारा उठाये गये कदमों की सराहना की।

इस अवसर पर तोमर ने कहा कि श्योपुर एवं शिवपुरी जिलों में अन्य जिलों की अपेक्षा अतिवृष्टि एवं बाढ़ का प्रभाव अधिक रहा है। हजारों लोग प्रभावित हुए है। सरकार सबकी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मेरे निवेदन पर तत्काल इन्दौर, ग्वालियर, मुरैना आदि स्थानों से उपकरण एवं मशीनरी तथा सफाई कर्मचारियों को श्योपुर भेजकर राहत पहुँचाने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ने सभी प्रभावितों की समस्याओं को सुना तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। साथ ही छोटे बच्चों के लिए 05 हजार ड्रेस तथा 10 हजार साड़ियाँ बाढ़ पीडितों तक पहूंचाने के लिए दी।

ललिता, पाना, शंकर एवं फारूक को बंधाया ढाँढस

इस दौरान दोनों नेताओं ने ललिता बाई, पाना बाई,शंकर वाल्मीक एवं फारूक अब्बासी आदि प्रभावितों से बातचीत की।उन्होंने शिविर में की सुविधाओं का अवलोकन भी किया।

प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुर्नवास कार्य जारी

मुख्यमंत्री ने श्योपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित ग्राम सरोदा में पीड़ित परिवारों से कहा कि राहत एवं पुर्नवास के कार्य त्वरित गति से चलाये जा रहे हैं। कुल 52 करोड़ रूपयें की राशि चंबल एवं ग्वालियर संभाग के प्रभावित जिलों में बाढ़ प्रभावितों की मदद हेतु जारी की गई है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सीप एवं अहेली नदियों के बाढ़ प्रभावितों के लिए कोई कोर कसर नही छोडी जावेगी। बड़ौदा एवं मानपुर क्षेत्र के सभी गांवों में राहत कार्य चलाये जा रहे हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुल, पुलियाओं के निर्माण चल रहे हैं। नदी किनारे की बसाहटों के पुर्नवास के लिए ग्रामीणों की सहमति से योजना बनाई जाएगी। कूनो-सीप नदी के टूटे पुलों को शीघ्र बनवाकर यातायात सुचारू किया जाएगा। बाढ़ से खेतों में जमा शिल्ट को सरकारी खर्चे पर हटाया जायेगा। सर्वे पारदर्शी होगा। क्षतिग्रस्त चंबल नहर की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।

केन्द्रीय मंत्री कहा कि मप्र सरकार बाढ़ पीडित परिवारों के साथ है। बाढ़ से प्रभावित एक-एक व्यक्ति की मदद की जावेगी। क्षेत्रीय विधायक  बाबू जण्डेल ने बाढ़ प्रभावितों की समस्याओ सें संबंधित ज्ञापन दिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागो द्वारा लगाये गये स्टॉल से पीडित परिवारों को सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई। प्रतिकात्मक रूप से स्वीकृति 05 हितग्राहियों को पत्र दिये गये।

उन्होंने सरोदा कार्यक्रम में सरोदा एवं बहरावदा के 05 हितग्राही श्यामबाबू, रघुवीर, रामभजन, दिनेश मीणा, कैलाशी बाई को आवास, गृहस्थी का सामान, मकान, किराया आदि के लिए प्रत्येक को 01 लाख, 12 हजार 470 रूपयें की राशि के स्वीकृति पत्र प्रतिकात्मक रूप से प्रदान किये गये।

इसके पूर्व श्योपुर जिले के 1869 हितग्राहियों के खाते में 05 करोड़ 40 लाख की राशि अतंरित की गई।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम