जैन धर्म की बदनामी करनेवाले अनोप मंडल के विरुद्ध 'अभी नहीं तो कभी नहीं' का ऐलान

राजस्थान मीटरगेज प्रवासी संघ का 43वां स्थापना दिवस

मुंबई : - जैन धर्म के खिलाफ बदनामी का अभियान चलाने वाले अनोप मंडल के विरुद्ध जैन समाज ने खुली जंग का ऐलान किया है। राजस्थान मीटरगेज प्रवासी संघ के 43 वें स्थापना दिवस पर आयोजित एक विशेष समारोह में महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष राज के पुरोहित के अभिनंदन अवसर पर  जैन समाज के विशिष्ट लोगों ने अनोप मंडल के विरूद्ध कानूनी प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण अभियान शुरु करने का निर्णय लिया है। 

इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एवं सत्कार मूर्ति राज के पुरोहित ने कहा कि अनोप मंडल को 'अभी नहीं तो कभी नहीं' के तहत ही करारा जवाब देना जरूरी है। उन्होंने कहा है कि अनोप मंडल जिस तेजी से देश भर में अपनी ताकत दिखाता जा रहा है, उसे आने वाले दिनों के बड़े खतरे के रूप में देखना चाहिए, तभी इस समाज विरोधी संगठन पर शिकंजा कसा जा सकता है। समारोह में  प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका समाजसेवी एवं उद्यमी कांति मेहता नगरसेवक आकाश पुरोहित एवं संस्था के महामंत्री सुकन परमार मंच पर पुरोहित के साथ थे। 

रेल सेवाओं के विकास एवं विस्तार में बड़ी भूमिका निभाने वाली संस्था राजस्थान मीटरगेज प्रवासी संघ द्वारा दक्षिण मुंबई स्थित होटल गोल्डन व्हील में आयोजित इस समारोह में प्रवासी राजस्थानी समाज की 40 से ज्यादा सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने सभी प्रबुद्ध जनों का स्वागत करते हुए राजस्थानी समाज के नेता राज के पुरोहित को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति की बधाई दी। इस अवसर पर पुरोहित ने कहा कि जैन धर्म के विरूद्ध दुष्प्रचार करनेवाले अनोप मंडल की गतिविधियां राजस्थान से निकलकर अहमदाबाद, सुरत, मुंबई, पूणे, हैदराबाद, चैन्नई एवं बैंगलोर तक प्रवासियों के बीच पहुंच रही है, इसलिए सभी समाज के लोगों को एकजुट होकर अनोप मंडल पर शिकंजा कसना होगा। 

इस अवसर पर बाली जैन संघ के अध्यक्ष बाबू मंडलेचा, मेवाड़ जैन संघ के नवलसिंह सुराणा, कोलाबा जैन संघ के महेन्द्र जैन, सांडेराव जैन संघ के जगदीश मेहता, बिजोवा जैन संघ के सुरेन्द्र जैन एवं सुभाष जगावत, जैन इंटरनेशनल ऑर्गेनाजेशन (जीओ) के प्रकाश चोपड़ा, बाली जैन  संघ के सज्जन रांका एवं प्रवासी संघ के उपाध्यक्ष सिद्धराज लोढा व सचिव निरंजन परिहार ने संबोधित करते हुए संस्था की चार दशक की रेल विकास की तपस्या एवं रेल सेवाओं के विस्तार में प्रमुख भूमिका की सराहना की एवं जैन धर्म की बदनामी करनेवाले अनोप मंडल के विरूद्ध अभियान तेज करने में अपने समर्थन की घोषणा की। सभी वक्ताओं ने इस अवसर पर प्रवासी राजस्थानी समाज के एक छत्र नेता राज के पुरोहित को प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष बनने की बधाई दी एवं राजस्थानी समाज के राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के विकास में सहयोग की अपेक्षा की। 

प्रवासी संघ की ओर से पुरोहित का शाल ओढा कर माल्यार्पण के साथ अभिनंदन किया गया एवं प्रवासी संघ की चार दशक की विकास यात्रा पर प्रकाशित ग्रंथ 'संघर्ष यात्रा' भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रवासी संघ के महामंत्री सुकन परमार ने किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने अनोप मंडल को जैन धर्म के विरुद्ध प्रचार से रोकने के लिए मजबूत भूमिका में सबके सहयोग की अपेक्षा की। इस कार्यक्रम में मुंबई, ठाणे, पालघर एवं आसपास के इलाकों से 40 से ज्यादा विभिन्न संस्थाओं से जुडे प्रमुख प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम