नेमावर तीर्थ क्षेत्र में 9 क्षुल्लक दीक्षाएं संपन्न

आचार्य विद्धासगरजी महाराज की उपस्थिति


नेमावर :-
भगवान शांतिनाथ के जन्म, तप व मोक्ष कल्याणक और गुरु नाम गुरु आचार्य ज्ञानसागर जी के समाधि दिवस पर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने नेमावर में 9 क्षुल्लक दीक्षाएं दी। दीक्षा दिवस पर सभी दीक्षार्थियों ने अब तक के जीवन में हुई सभी गलतियों के लिए जन समुदाय से क्षमा मांगी व  आचार्यश्री से दीक्षा देने का आग्रह किया। दीक्षा पूर्व सभी दीक्षार्थियों के केशलोंच हुए। 

इस अवसर पर आचार्यश्री ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि साधना कैसी होती है, शास्त्रों में इसका वर्णन है। शरीर को छोड़ना और आरंभ परिग्रह का त्याग मात्र कर देना संल्लेखना नहीं है। श्रमण और श्रावक के लिए संल्लेखना का स्वरूप अलग-अलग हो सकता है लेकिन दोनों के लिए इसका बहुत महत्व है। अपने गुरु ज्ञानसागरजी महाराज के समाधि दिवस पर उन्हें याद करते हुए आचार्यश्री भाव विभोर हो गए और कहा- संतोष है कि आचार्य परंपरा के अनुरूप यह कार्य संपन्न हुआ है। आचार्य श्री ने सभी दीक्षार्थियों को दीक्षा उपरांत नया नाम दिया।

आचार्यश्री विद्यासागर जी के बारे में हर छोटी बड़ी जानकारी रखने वाले खातेगांव के श्रवण पाटनी ने बताया नेमावर में 41 मुनिराजों की उपस्थिति में आचार्यश्री ने पहली बार 9 क्षुल्लक दीक्षाएं एक साथ दीं। इन सभी 9 दीक्षार्थियों की उम्र लगभग 60 वर्ष से अधिक है। आचार्यश्री अब तक 400 से ज्यादा मुनि, आर्यिका, ऐलक और क्षुल्लक दीक्षा दे चुके हैं। जैन समाज के प्रवक्ता नरेंद्र चौधरी व पुनीत जैन ने बताया दीक्षा कार्यक्रम का संचालन निर्यापक श्रमण मुनिश्री योगसागर महाराज ने किया। आने वाले दिनाें में आयोजित हाेने वाले सभी कार्यक्रमों की जानकारी बाल ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया ने दी।

दीक्षा के पूर्व का नाम / दीक्षा उपरांत के नाम

• ब्र. फूलचंद लुहाड़िया खातेगांव- क्षुल्लक 105 स्वाध्याय सागर जी महाराज • ब्र. शांतिलाल जैन बांसबाड़ा- क्षुल्लक 105 प्रशांत सागर जी महाराज • ब्र. ताराचंद जैन मंडीबामोरा- क्षुल्लक 105  मौन सागर जी महाराज • ब्र. सतेन्द्र जैन रेबाड़ी- क्षुल्लक 105  चिंतन सागर जी महाराज • ब्र. अशोक पांड्या बानापुरा- क्षुल्लक 105 अगम्य सागर जी महाराज • ब्र. राजेश जैन जैसीनगर- क्षुल्लक 105 अटल सागर जी महाराज • ब्र. भागचंद जैन किशनगढ़- क्षुल्लक 105 वैराग्य सागर जी महाराज • ब्र. संतोष पांड्या इंदौर/गया- क्षुल्लक 105 निकट सागर जी महाराज • ब्र. बसंत जैन बागीदौरा- क्षुल्लक 105 परीत सागर जी महाराज

अभिषेक जैन लुहाड़ीया / रामगंजमंडी

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम