विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के नये युग कि शुरुआत रेलखंडों का हुआ ऐतिहासिक उद्घाटन

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया 118 किमी लंबी नई रेल लाइनों का उद्घाटन

आजादी के बाद पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ा सीधी जिला; नागौद एवं चुरहट से स्पेशल ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

सतना सांसद गणेश सिंह ने ऐतिहासिक उपलब्धि पर जताया आभार, भविष्य की रेल योजनाओं को किया रेखांकित


सतना।
मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना–देवेंद्रनगर (53 किमी, लागत ₹873 करोड़) तथा रीवा–चुरहट (65 किमी, लागत ₹1,070 करोड़) रेलखंडों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता के बाद पहली बार सीधी जिला (चुरहट) सीधे भारतीय रेल नेटवर्क से जुड़ गया। कार्यक्रम के अंतर्गत नागौद रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 06131 (नागौद–देवेंद्रनगर) और चुरहट स्टेशन से गाड़ी संख्या 06134 (चुरहट–रीवा) स्पेशल ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। आगामी 26 अक्टूबर से देवेंद्रनगर–चुरहट–देवेंद्रनगर मेमू ट्रेन (61629/61630) का नियमित परिचालन (सप्ताह में 6 दिन) शुरू होगा।

रेल मंत्री ने कहा कि यह रेलखंड विंध्य और बुंदेलखंड के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। उन्होंने रेखांकित किया कि मध्य प्रदेश में लगभग ₹1.50 लाख करोड़ की रेल परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है तथा प्रदेश में आने वाले समय में 100 से अधिक नई मेमू व अन्य रेल सेवाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही खजुराहो एवं ग्वालियर स्टेशनों को विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इसे विंध्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि 541 किमी लंबी ललितपुर–सिंगरौली परियोजना पूरे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलेगी। आजादी के बाद पहली बार सीधी जिले का रेल नेटवर्क से जुड़ना नागरिकों के लिए शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार व रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।

चुरहट रेलवे स्टेशन पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल* ने कहा कि रीवा-चुरहट रेल लाइन का लोकार्पण विंध्य क्षेत्र के इतिहास में मील का पत्थर है, जिससे सीधी जिले का दशकों पुराना रेल सपना पूरा हुआ है और इससे पूरे क्षेत्र में उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व पर्यटन के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

वहीं नागौद रेलवे स्टेशन पर मध्य प्रदेश शासन की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने इस सौगात को क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि नई रेल सेवा से ग्रामीण अंचल, महिलाओं, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सुगम व सुरक्षित परिवहन की सुविधा मिलेगी।

नागौद रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए सांसद  गणेश सिंह ने कहा कि आज का दिन सतना और समूचे विंध्य क्षेत्र के लिए आजादी के बाद का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक दिन है। क्षेत्रवासियों का दशकों पुराना सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में साकार हुआ है।

   उन्होंने कहा कि ललितपुर–सिंगरौली रेल परियोजना, जो वर्षों तक उपेक्षित रही, उसे वर्तमान सरकार ने पर्याप्त बजट और प्राथमिकता देकर धरातल पर उतारा है। सतना से नागौद होते हुए देवेंद्रनगर तक रेल लाइन शुरू होने से अब यह पूरा अंचल मुख्य राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से सीधे जुड़ गया है।

सिंह ने इसके बहुआयामी लाभों को रेखांकित करते हुए कहा कि सतना एवं नागौद क्षेत्र चूना पत्थर और सीमेंट उद्योग का प्रमुख केंद्र है। नई रेल लाइन से सीमेंट, क्लिंकर और खनन उत्पादों के परिवहन को सुदृढ़ लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मिलेगी, जिससे स्थानीय उद्योगों को विस्तार मिलेगा और सड़क मार्ग पर दबाव कम होगा। देवेंद्रनगर, नागौद और आसपास के ग्रामीण अंचल के किसानों को अपनी कृषि उपज, सब्जियां और स्थानीय उत्पाद बड़े शहरों व मंडियों तक तेजी से पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। मेमू ट्रेन सेवा प्रारंभ होने से सतना, पन्ना, रीवा और सीधी के बीच आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने वाले युवाओं, इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में जाने वाले मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को सुरक्षित, समयबद्ध और अत्यंत किफायती आवागमन सुलभ होगा। रेल संपर्क जुड़ने से स्थानीय व्यापार, वेयरहाउसिंग, परिवहन और सहायक व्यवसायों में युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित होंगे तथा विंध्य के पर्यटन केंद्रों का जुड़ाव भी मजबूत होगा।

इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की भविष्य की रेल योजनाओं को रेखांकित करते हुए बताया: कि देवेंद्रनगर–पन्ना खंड का शीघ्र विस्तार: सतना से देवेंद्रनगर तक कार्य पूर्ण होने के बाद अब अगला लक्ष्य देवेंद्रनगर से पन्ना तक रेल लाइन निर्माण को द्रुत गति से पूरा कर पन्ना को भी मुख्य रेल मार्ग से जोड़ना है।

संपूर्ण ललितपुर–सिंगरौली कॉरिडोर का लक्ष्य:* विंध्य और बुंदेलखंड को जोड़ते हुए सिंगरौली तक पूरे रेल कॉरिडोर को समयबद्ध रूप से पूरा करने की दिशा में कार्य निरंतर जारी है, जिससे यह पूरा अंचल देश के प्रमुख औद्योगिक व ऊर्जा केंद्रों से सीधे जुड़ सकेगा।

स्टेशनों का आधुनिकीकरण: क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्री सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।सांसद  ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए समूचे विंध्य क्षेत्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री, रेल मंत्री एवं मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया।
नागौद रेलवे स्टेशन पर मध्य प्रदेश शासन की राज्य मंत्री  प्रतिमा बागरी, सतना सांसद  गणेश सिंह, खजुराहो सांसद  विष्णु दत्त शर्मा, नागौद विधायक नागेन्द्र सिंह सहित पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक  दिलीप कुमार सिंह व मंडल रेल प्रबंधक  कमल कुमार तलरेजा उपस्थित रहे।चुरहट रेलवे स्टेशन पर मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद राजेश मिश्रा सहित प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक  अरविन्द कुमार रजक एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम.एस. हाशमी उपस्थित रहे।

देवेंद्रनगर–चुरहट नई मेमू ट्रेन समय-सारिणी (26 अक्टूबर से नियमित)

गाड़ी संख्या 61629/61630 देवेंद्रनगर–चुरहट–देवेंद्रनगर मेमू 26 अक्टूबर 2026 से सप्ताह में छह दिन (रविवार छोड़कर) संचालित होगी:

गाड़ी सं. 61629: देवेंद्रनगर प्रस्थान सुबह 07:00 बजे, चुरहट आगमन दोपहर 13:15 बजे।

गाड़ी सं. 61630: चुरहट प्रस्थान दोपहर 15:00 बजे, देवेंद्रनगर आगमन रात 21:45 बजे।

ठहराव (15 स्टेशन): फुलवारी, नागौद, बरेठिया, करही, सतना, कैमा, सकरिया, हिनौतारामबन, बघाई रोड, तुरकी रोड, रीवा, सिलपरा, गोविंदगढ़, बघवार और रामपुर नैकिन।

ट्रेन सेवा एवं नई रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र को होने वाले प्रमुख लाभ:*

रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर:* रेल कनेक्टिविटी से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स, माल ढुलाई, स्थानीय परिवहन, होटल एवं खानपान व्यवसाय में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक नए अवसर सृजित होंगे।

पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा: विंध्य एवं बुंदेलखंड क्षेत्र की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों तक पहुंच बेहद सुगम होगी। विश्व प्रसिद्ध खजुराहो, पन्ना टाइगर रिजर्व, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, रीवा का किला, गोविंदगढ़ तथा चचाई व बहुती जलप्रपात जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय हस्तशिल्प और गाइड सेवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।

उद्योग एवं कृषि को संबल:* सतना-नागौद के चूना पत्थर, क्लिंकर और सीमेंट उद्योगों को माल परिवहन हेतु सुदृढ़ लॉजिस्टिक्स मिलेगा, जिससे सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा। वहीं देवेंद्रनगर व नागौद के किसानों को अपनी कृषि उपज और सब्जियां बड़े बाजारों व मंडियों तक तेजी और किफायती दर पर पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।

दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों एवं मरीजों को सुगम यात्रा:* मेमू सेवा शुरू होने से सतना, रीवा, पन्ना और सीधी के बीच आने-जाने वाले छात्रों को उच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, मरीजों को विशेषज्ञ अस्पतालों में इलाज कराने तथा नौकरीपेशा लोगों को समयबद्ध व किफायती आवागमन का सीधा लाभ मिलेगा।

जनसम्पर्क विभाग  पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"ॐ ह्रीं श्रीं अर्हम् नमः के सवा लाख जाप

जापानियों ने श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ मन्दिर के दर्शन किये

राजस्थान की दिव्या जैन का गुजरात न्यायिक सेवा में जज पद पर चयन