भावनात्मक - ईश्वर ने भेजा था निमित्त बनाकर, जानापाव पर जैन सोश्यल ग्रुप ने दिया जीवनदान

मनोरंजन टूर एडवेंचर टूर में परिवर्तित हुआ - JSG नागदा के साहस से बची चार जानें

जीवनलाल जैन


नागदा :
-  यूँ तो अनेक धार्मिक एवं मनोरंजन यात्रा निकलती रहती है, पर जैन सोश्यल ग्रुप नागदा की एक दिवसीय पातालपानी यात्रा इस बार सामान्य नहीं रही। एक हृदय विदारक घटना ने इस यात्रा को एडवेंचर टूर में परिवर्तित कर दिया और मानवता की मिसाल बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जैन सोश्यल ग्रुप नागदा के सदस्य एक दिवसीय पातालपानी टूर पर निकले थे। लौटते समय उनका काफिला जानापाव पहाड़ी के समीप से गुजर रहा था। यह स्थान उनकी नियोजित यात्रा में शामिल नहीं था, पर सदस्यों की इच्छा पर बस को जानापाव की ओर मोड़ा गया।

बस ने चढ़ाई से किया इंकार, पैदल निकले सदस्य

जानापाव की खड़ी और संकरी चढ़ाई देखकर बस ड्राइवर ने बस को ऊपर ले जाने से मना कर दिया। ड्राइवर का कहना था कि खड़ी चढ़ाई यात्रियों के लिए जोखिम भरी हो सकती है। इस पर सभी सदस्यों ने पैदल चढ़ाई करने का निर्णय लिया।

अचानक फिसली कार, खाई की ओर बढ़ी

पैदल चढ़ाई के दौरान ही सभी ने देखा कि आगे एक कार जो चढ़ाई चढ़ने का प्रयास कर रही थी, अचानक अनियंत्रित होकर रिवर्स में पीछे की ओर आने लगी। सड़क के एक तरफ पहाड़ और झाड़ियाँ थी तो दूसरी तरफ गहरी खाई। कार में एक पूरा परिवार - पति-पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग सहित चार लोग सवार थे।

JSG सदस्यों ने दिखाया साहस, झाड़ियों में रोक दी कार

चूंकि कार की गति अभी कम थी, जैन सोश्यल ग्रुप नागदा के सदस्यों ने बिना एक पल गंवाए हिम्मत दिखाते हुए दौड़कर कार को संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद कार को झाड़ियों से टकराकर रोकने में सफलता मिली। कार क्षतिग्रस्त अवश्य हुई लेकिन उसमें बैठे परिवार को खरोंच तक नहीं आई।इस दृश्य को देखकर हर व्यक्ति के हाथ-पैर फूल गए और यह दृश्य प्रत्येक सदस्य की आँखों में हमेशा के लिए अंकित हो गया।

वेन बुलाकर परिवार को पहुँचाया सुरक्षित

घटना के बाद सदस्यों ने तत्काल नीचे गांव से संपर्क कर एक वेन बुलाई और उस परिवार को सकुशल उसमें बैठाकर सुरक्षित नीचे भेजा। इसके बाद स्वयं भी उस चढ़ाई को बीच में ही छोड़कर अपने दूसरे पड़ाव की ओर रवाना हो गए।

अध्यक्ष ने दिया धन्यवाद

इस पूरे घटनाक्रम पर जैन सोश्यल ग्रुप नागदा के अध्यक्ष धर्मेन्द्र बंम ने कहा, "अचानक घटित हुई इस घटना में आकस्मिक सहायता देने के लिए मैं जैन सोश्यल ग्रुप नागदा के सभी सदस्यों का अध्यक्ष होने के नाते अंतःकरण से धन्यवाद देता हूँ कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और समझदारी का परिचय दिया। शायद ईश्वर ने हमें निमित्त बनाकर किसी को बचाने के लिए ही इस नए पॉइंट पर भेजा था।"

उन्होंने आगे कहा, "हमें गर्व है कि हम जैन सोश्यल ग्रुप के सदस्य हैं और जैन सोश्यल ग्रुप हमेशा बंधुत्व से प्रेम और बंधुत्व की सेवा का संदेश देता है।"


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"ॐ ह्रीं श्रीं अर्हम् नमः के सवा लाख जाप

जापानियों ने श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ मन्दिर के दर्शन किये

राजस्थान की दिव्या जैन का गुजरात न्यायिक सेवा में जज पद पर चयन