स्वच्छता से सेवा अभियान के अंतर्गत पालघर एवं केलवे रोड में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम
भारतीय रेल प्रवासी का कार्यक्रम
पालघर :- “स्वच्छता से सेवा” अभियान के अंतर्गत पालघर एवं केलवे रोड रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।पालघर स्टेशन पर Rotary Club of Palghar द्वारा कूड़ेदान (Dustbins) उपलब्ध कराए गए तथा यात्रियों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने हेतु थैलियों का वितरण किया गया। यात्रियों से अपील की गई कि लोकल ट्रेन में यात्रा के दौरान कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि दी गई थैली में कचरा एकत्र करें और स्टेशन पर उतरते समय उसे निर्धारित कूड़ेदान में डालें।
केलवे रोड स्टेशन पर वैभव विद्या हाई स्कूल, केलवे रोड एवं जिला परिषद मराठी शाला, केलवे रोड के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता जागरूकता गीत एवं लेजियम नृत्य के माध्यम से यात्रियों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों द्वारा स्टेशन परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में भी सक्रिय सहभागिता की गई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत, संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में सहभागी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए Rotary Club of Palghar तथा बालपन सामाजिक संस्था की ओर से नमकीन पैकेट वितरित किए गए। स्टेशन मास्टर द्वारा विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित की गई। सभी विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों की मेहनत और सहभागिता अत्यंत सराहनीय रही।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ पालघर के अध्यक्ष भूषण सावे,पदम शर्मा,नीनाल शाह एवं निनाद सावे उपस्थित रहे। साथ ही हर कार्य में रेलवे को सहयोग प्रदान करने वाले कमलेश एन. शाह, Ex-ZRUCC Member एवं GM’s Nominee का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।रेलवे की ओर से कार्यक्रम में DCM (FM) गजेन्द्र त्रिवेदी, CMI दिनेशकुमार जोशी, जितेन्द्र मीणा एवं उनकी टीम तथा सफाईकर्मी टीम ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एंड डॉ नीलेश राउत, अध्यक्ष मित्र फाउंडेशन, पालघर प्रदीप घरत, माजी सरपंच एवं उपाध्यक्ष, तथा प्रथमेश बांदेकर, सचिव का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। इस अवसर पर केलवे रोड स्टेशन के स्टेशन मास्टर एम एल भाटी ने स्वच्छता से सेवा अभियान में सहभागी सभी संस्थाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं रेलवे कर्मचारियों का रेलवे विभाग की ओर से आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी रेलवे को आवश्यकता पड़ने पर इसी प्रकार सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन एवं स्वच्छ यात्रा केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यात्रियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।“स्वच्छता अपनाएँ – कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, स्वच्छ रेलवे और स्वच्छ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें