विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत 93 स्टेशनों पर व्यापक स्तर पर ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन
महाप्रबंधक ने यात्रियों से साधा संवाद
मुंबई :- पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा 22 अक्टूबर, 2026 को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत 93 रेलवे स्टेशनों पर व्यापक स्तर पर यात्री संवाद कार्यक्रम ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करना, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना तथा पूरे रेलवे नेटवर्क में निरंतर स्वच्छता को बढ़ावा देना था। इस अभियान के दौरान 1,000 से अधिक यात्रियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ अपना प्रत्यक्ष फीडबैक, बहुमूल्य सुझाव एवं शिकायतें साझा कीं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कार्यक्रम में मंडल भर में वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर व्यापक जनसंपर्क देखने को मिला। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया, उनकी समस्याओं को सुना और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। यात्रियों को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि जिन मामलों में तत्काल समाधान की आवश्यकता है, उन पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेल अधिकारी प्रत्येक मामले के समाधान तक उस पर लगातार फॉलो-अप करेंगे। उन्होंने यात्रियों से कूड़ेदानों और बोतल क्रशर मशीन का उपयोग करके स्टेशनों को स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही, समय बचाने के लिए टिकट बुकिंग हेतु रेलवन ऐप और क्यूआर कोड के उपयोग को प्रोत्साहित किया। बाद में श्री पाण्डेय ने मेल/एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों से भी संवाद किया और उनका फीडबैक लिया।
पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने चर्चगेट स्टेशन पर दैनिक यात्रियों से सीधे संवाद किया और यात्रियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील प्रशासन तथा बेहतर सेवा मानकों के प्रति पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता दोहराई। पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री तरुण जैन ने भी चर्चगेट स्टेशन पर रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।वरिष्ठ रेल अधिकारियों, स्टेशन प्रबंधकों और कर्मचारियों ने निर्धारित उपनगरीय एवं गैर-उपनगरीय स्टेशनों के साथ-साथ उपनगरीय लोकल ट्रेनों तथा लंबी दूरी की मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जन संवाद किया। इस संवाद के माध्यम से दैनिक यात्रियों और रेल यात्रियों को परिचालन संबंधी आवश्यकताओं, यात्री सुविधाओं तथा स्वच्छता के मानकों से जुड़े मुद्दों को सामने रखने के लिए एक खुला एवं पारदर्शी मंच मिला।
यात्रियों के साथ संवाद के तुरंत बाद विभिन्न स्टेशनों पर व्यापक स्तर पर श्रमदान और गहन स्वच्छता अभियान चलाए गए। इन अभियानों के अंतर्गत प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय, शौचालय और स्टेशन परिसर की सफाई की गई।पश्चिम रेलवे अपने पूरे परिवहन नेटवर्क में स्वच्छता को नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने, शिकायतों के त्वरित निवारण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने तथा यात्रियों की समग्र सुविधा में सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘रेल जन संवाद’ के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों, सुझावों और फीडबैक की व्यवस्थित रूप से समीक्षा की जा रही है तथा समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई और बुनियादी सुविधाओं के निरंतर उन्नयन के लिए उन्हें संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें