ई-पोस्टमार्टम कर वाहनों को स्क्रैप सेंटर भेजा जाए - सचिन नाईक
पुलिस थानों में सड़ रहे जब्त वाहनों को स्क्रैप करने की मांग
भायंदर :- विभिन्न अपराधों या दुर्घटनाओं में उपयोग के कारण जब्त किए गए कई वाहन वर्षों तक स्थानीय पुलिस स्टेशनों में खराब हालत में पड़े रहते हैं। इससे न केवल पुलिस स्टेशन परिसर में गंदगी और अव्यवस्था फैलती है, बल्कि अन्य वाहनों की आवाजाही में भी बाधा उत्पन्न होती है। इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एंड सचिन नाईक ने सरकार से कानून में संशोधन की मांग की है।
एंड सचिन नाईक ने सुझाव दिया है कि ऐसे वाहनों का ई-पोस्टमार्टम किया जाना चाहिए। इसमें स्थानीय प्रभारी पुलिस निरीक्षक, तहसीलदार, संबंधित पक्षों, उनके वकीलों और दो विश्वसनीय गवाहों की उपस्थिति में वाहन की हर संभव कोण से तस्वीरें और वीडियो लिए जाएं।
उन्होंने आगे कहा कि तस्वीरों और वीडियो के आधार पर वाहन की स्थिति और अदालत द्वारा आवश्यक सभी पहलुओं का विवरण देने वाली विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। उसके बाद वाहन को स्क्रैपिंग प्रक्रिया के लिए स्क्रैप सेंटर भेज दिया जाए और उपरोक्त रिपोर्ट को आगे की न्यायिक कार्यवाही के लिए अदालत में स्वीकार किया जाए। इसके लिए सरकार को कानून में आवश्यक संशोधन करना चाहिए।
सचिन नाईक के अनुसार, इस प्रक्रिया से वाहन रीसाइक्लिंग तेज होगी, जब्त वाहनों के कारण होने वाली बाधा समाप्त होगी और सड़कें अधिक साफ व कम भीड़भाड़ वाली होंगी व सरकार को रेवेन्यू भी मिलेगा।
एंड सचिन नाईक ने यह मांग सरकार के विभिन्न विभागों को किये मेल में की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें