कोरोना संकट पर राजनीति बंद करे सरकार :-चंद्रकांत दादा पाटिल

सारी एजेंसियों को सक्रिय करें

मुंबई :-भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा है कि कोरोना की दूसरी लहर महाराष्ट्र में कहर बनकर टूट पड़ी है और प्रदेश में जनता इलाज के लिए तड़प रही है, लेकिन महाराष्ट्र सरकार जनसामान्य की मदद करने के बजाय महामारी का राजनीतिकरण करने पर तुली हुई है।  पाटिल ने रविवार को कहा कि प्रदेश की जनता को महामारी से बचाने के बजाय राज्य सरकार केंद्र सरकार के खिलाफ बयानबाजी करके लोगों का ध्यान भटका रही है, जबकि उसका पहली जिम्मेदारी लोगों को कोरोना संकट से बचाने की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने रविवार को जारी एक बयान में राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए सलाह दी कि केंद्र सरकार के खिलाफ बचकाने आरोप लगाकर महामारी का राजनीतिकरण करने के बजाय राज्य सरकार कोरोना संकट सुलझाने की कोशिश करे, क्योंकि कोरोना संक्रमण देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में ही फैल रहा है तथा लोग मौत के साये में जी रहे हैं। 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा है कि प्रदेश की महाविकास आघाड़ी सरकार महाराष्ट्र की जनता के प्रति अपनी जवाबदेही निभाने में हर मामले में लगातार नाकाम दिख रही है और अपनी इन्हीं सिलसिलेवार नाकामियों को छिपाने की कोशिश में विवाद पैजा करने की मंसा से लगातार केंद्र सरकार पर आरोप लगाकर राज्य सरकार कोरोना संकट में उसकी नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। पाटिल ने कहा कि प्रदेश में लोग भयंकर संकट में है, फिर भी महाविकास आघाड़ी सरकार आरोपों की राजनीति कर रही है। पाटिल ने कहा है कि कम से कम अब तो राज्य सरकार को कोरोना संकट से प्रदेश की जनता को उबारने के लिए अपनी सारी एजेंसियों को सक्रिय करने की कोशिश करनी चाहिए, वरना, इस महामारी का प्रकोप आनेवाले दिनों में लोगों को और परेशान करेगा। 

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मंत्री नवाब मलिक ने केंद्र सरकार द्वारा 16 कंपनियों को महाराष्ट्र में रेमडीसिविर इंजेक्शन की सप्लाई प्रतिबंधित करने के जो आरोप लगाए, वे बिल्कुल बचकाने और हास्यास्पद थे। क्योंकि जब नवाब मलिक से सबूत मांगे गए तो उन्होंने नहीं दिए, क्योंकि झूठ के सबूत वे कहां से पैदा करते। उल्लेखनीय है कि केंद्र  सरकार पर आरोप लगाते हुए मलिक ने गुजरात सरकार का आदेश दिखाया। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार पद पर होने के बावजूद राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता ने जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। उधर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने जब मलिक के आरोपों का संज्ञान लिया और जानकारी मांगी, तो नवाब मलिक कोई जानकारी नहीं दे सके। भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने कहा कि जनता को भ्रमित करने के लिए बार बार  'आरोप लगाकर भाग जाने' की कोशिशें दोहराई जा रही है। पाटिल ने चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि भाजपा इस मामले को गंभीरता से ले रही है और इसके निस्तारण के बिना नहीं रुकेगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नवाब मलिक सबूतों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ अपने आरोपों को साबित करे, वरना सार्वजनिक रूप से महाराष्ट्र की जनता से माफी मांगे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम