विश्व की नामी कंपनियां राजस्थान में निवेश को इच्छुक :- अशोक गहलोत

 सेंट गोबेन प्रदेश मेें बढ़ाएगा निवेश 

सरकार की नीतियों से बना निवेश का बेहतर माहौल- मुख्यमंत्री


जयपुर, 27 मई।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से राजस्थान निवेश के लिए सर्वाधिक अनुकूल राज्य के रूप में उभर रहा है। सरकार के नीतिगत फैसलों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की बेहतर स्थिति, अच्छी सड़कें, ऊर्जा में आत्मनिर्भरता, पर्याप्त मात्रा में कच्चे माल की उपलब्धता, सुदृढ़ आधारभूत ढांचे के कारण दुनिया की नामी कंपनियां राजस्थान में निवेश के लिए रूचि दिखा रही हैं। राज्य सरकार भी यहां आने वाले उद्योगों को भरपूर प्रोत्साहन देगी। 

श्री गहलोत गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विश्व की प्रमुख ग्लास निर्माता कंपनी सेंट गोबेन के प्रदेश में निवेश के विस्तार के प्रस्ताव के संबंध में बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेंट गोबेन जैसी प्रतिष्ठित कंपनी द्वारा राजस्थान में भिवाड़ी स्थित प्लांट में अभी तक करीब 1200 करोड़ रूपए के सफल निवेश के बाद निवेश में विस्तार का प्रस्ताव देना यह सिद्ध करता है कि राजस्थान के प्रति अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में भरोसा कायम हुआ है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए एमएसएमई एक्ट, रिप्स-2019, नई उद्योग नीति, वन स्टॉप शॉप सिस्टम जैसे नीतिगत फैसले लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने निवेश में विस्तार के सेंट गोबेन के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि सेंट गोबेन के निवेश विस्तार से कोविड-19 की विषम परिस्थितियों में भी औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। 

उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को सुगम बनाने के लिए नियमों एवं प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया है। बड़े उद्योगों की स्थापना के प्रस्तावों को त्वरित मंजूरी देने के लिए बोर्ड ऑफ इंवेस्टमेंट का गठन किया गया है। बोर्ड की पहली ही बैठक में 78 हजार करोड़ रूपए के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। 

उद्योग राज्यमंत्री अर्जुन बामनिया ने कहा कि राज्य में सेरेमिक उद्योगों की स्थापना के लिए प्रचुर मात्रा में खनिज संसाधन उपलब्ध हैं। इसका लाभ सेंट गोबेन को मिलेगा। 

मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने कहा कि कोरोना के इस समय में सेंट गोबेन सहित प्रदेश के अन्य उद्योगों से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में राज्य सरकार को अच्छा सहयोग मिल रहा है। 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम