गोडवाड़ को मिलेगा अत्याधुनिक हॉस्पिटल

 उप जिला चिकित्सालय बनेगा बाली में

मुख्यमंत्री गहलोत, सांसद डांगी और विधायक राणावत का आभार जताया प्रवासी संघ ने 

अशोक गहलोत
मुंबई। गोडवाड़ को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एवं स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ ने  मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सांसद नीरज डांगी एवं स्थानीय विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत का आभार जताया है। मुख्यमंत्री गहलोत ने विधानसभा में पेश बजट में बाली स्थित सामुदायिक चिकित्सालय को उप जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की घोषणा की है। प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने कहा है कि गोडवाड़ की जनता की पिछले लंबे समय से मांग थी, जिसके लिए सभी की मेहनत रंग लाई और गहलोत, डांगी व राणावत के सहयोग से बाली को उप जिला चिकित्सालय मिला। इस चिकित्सालय के क्रमोन्नत होने से पूरे गोडवाड़ इलाके के सैकड़ों गांवों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

नीरज डांगी, सांसद
उल्लेखनीय है कि बाली के सामुदायिक चिकित्सालय को क्रमोन्नत करने एवं वहां पर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में प्रवासी संघ पिछले कई वर्षों से कार्यरत था। प्रवासी संघ की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस बारे में अवगत कराया था एवं सांसद नीरज डांगी के बाली दौरे के समय प्रवासी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने  मिलकर उनसे  इस बारे में चर्चा की थी। उस समय सांसद डांगी ने विश्वास दिलाया था कि अपनी मातृभूमि और पैतृक कस्बे की सेवा के लिए सबसे पहला यही कार्य करेंगे। स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत भी बाली के इस सामुदायिक चिकित्सालय को क्रमोन्नत व विकसित करने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे।

 प्रवासी संघ अध्यक्ष विमल रांका ने बताया कि अब बाली का यह अस्पताल उप जिला चिकित्सालय होने के बाद लगभग 100 बेड का अस्पताल होगा। साथ ही यहां पर अत्याधिक चिकित्सा उपकरण एवं स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति भी होगी इसके अलावा अस्पताल का विस्तार भी होगा और स्टाफ में भी बढ़ोतरी होगी। प्रवासी संघ के अध्यक्ष रांका ने कहां है कि अब गोडवाड़ के लोगों को अपने इलाके से बाहर गुजरात, पाली, जोधपुर आदि  जाने की कम जरूरत होगी, क्योंकि स्थानीय स्तर पर ही अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विकसित विकल्प उपलब्ध होंगे। राजस्थानी समाज के लिए सदैव प्रयासरत राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ ने मुख्यमंत्री गहलोत सांसद दांगी और पूर्व मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत का आभार जताते मांग की है कि चिकित्सालय क्रमोन्नति के आदेश के बाद तत्काल सुविधाओं के विस्तार और विकास की जरूरत है। उसके लिए सरकार फंड भी रिलीज करें जिससे कि सरकार की घोषणा साकार रूप ले सके और लोगों को अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाएं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। हाल ही में बजट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की घोषणा करके गोडवाड़ इलाके के निवासियों को चिकित्सा सेवाओं और सुविधाओं की यह सौगात दी है। लेकिन बजट की घोषणा केवल घोषणा ही न रह जाये, इसके लिए प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने इसे कार्यरूप देने तक अपनी कोशिश जारी रखने का विश्वास दिलाया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम