पुण्य सम्राट धाम का निर्माण कार्य तेज गति से जारी
पुण्य सम्राट धाम का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण
धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा
उदयपुर :- युगप्रभावक पुण्यसम्राट गुरुदेव श्रीमद विजय जयन्तसेन सूरिश्वरजी महाराजा के पट्टधर, वर्तमान गच्छाधिपति धर्म दिवाकर, हृदय सम्राट परम पूज्य आचार्य श्री नित्यसेन सूरिश्वरजी म.सा., मुनिराज डॉ. सिद्धरत्न विजयजी म.सा. एवं मुनि प्रवर श्री विद्वतरत्न विजयजी म.सा. की प्रेरणा से निम्बाहेड़ा से करीब 8 किलोमीटर दूर उदयपुर–साँवलियाजी तीर्थ मार्ग स्थित पुण्य सम्राट धाम, कचरिया खेड़ी का निर्माण कार्य तेज गति से प्रगति पर है। धाम में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में अब तक लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
पुण्य सम्राट धाम परिसर में लगभग 20 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में हरियाली से युक्त भव्य उद्यान विकसित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के फूलों एवं छायादार पौधों का रोपण किया जा रहा है। इसके अलावा दो मंजिला भवन में लिफ्ट सहित 16 कमरे, विशाल भोजनशाला, साध्वीजी का उपाश्रय तथा साधु-संतों का उपाश्रय तैयार किया जा रहा है। पूरे परिसर में आवागमन की सुविधा के लिए मजबूत सीसी रोड का निर्माण भी किया गया है।
पुण्य सम्राट धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष कांतिलाल बालगोता ने बताया कि कमरों एवं भोजनशाला का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में रंग-रोगन का कार्य जारी है तथा शीघ्र ही फर्नीचर का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। धाम का निर्माण कार्य निरंतर प्रगति पर है।
इसी क्रम में अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ब्रजेश बोहरा अपने साथियों के साथ पुण्य सम्राट धाम पहुंचे। उन्होंने जिनालय में दर्शन-वंदन कर निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया तथा पुण्य सम्राट धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष संतोष जैन से चर्चा कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने धाम में विकसित की जा रही सुविधाओं एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि पूर्ण होने के बाद पुण्य सम्राट धाम धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें