दिल्ली में बॉक्स क्रिकेट का रोमांच, वरिष्ठों और बच्चों की आठ टीमें आमने-सामने

फ्रेंडशिप क्लब का आयोजन


नई दिल्ली :-
फ्रेंडशिप क्लब की ओर से आयोजित बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में वरिष्ठ खिलाड़ियों और बच्चों की आठ टीमें 22 अगस्त को शाह इंटरनेशनल स्कूल, अंबिका विहार, नई दिल्ली में आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 32 खिलाड़ी और 15 वर्ष तक के 38 बच्चे हिस्सा लेंगे।

पुरुष वर्ग में गोल्डन वॉरियर्स, रॉयल टाइगर्स, रोहिणी महावीरा और रॉयल वॉरियर्स, जबकि बच्चों के वर्ग में थंडर स्ट्राइकर्स, रॉयल चैलेंजर्स, सनराइज स्ट्राइकर्स और रॉयल स्ट्राइकर्स मैदान में उतरेंगी।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल क्रिकेट मुकाबले तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल के माध्यम से विभिन्न पीढ़ियों को जोड़ना तथा खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 9 बजे होगा और पहला मुकाबला 9:30 बजे खेला जाएगा। लीग चरण के बाद दोनों वर्गों की शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। पुरुष वर्ग का फाइनल शाम 5:30 बजे, जबकि बच्चों के वर्ग का फाइनल 6:30 बजे निर्धारित है। इसके बाद शाम 7:30 बजे पुरस्कार एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में आचार्यश्री महाश्रमण प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन पटावरी एवं महामंत्री सुखराज सेठिया तथा जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दिल्ली के अध्यक्ष बिमल बेंगानी, महामंत्री प्रदीप संचेती एवं उपाध्यक्ष प्रमोद घोड़ावत सहित आनंद बुचा, अशोक संचेती और कमल गांधी उपस्थित रहेंगे।

रॉयल वॉरियर्स के कप्तान अजय भूटोरिया ने कहा कि उनकी टीम पूरी तैयारी और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में जीत-हार के साथ खिलाड़ियों के बीच आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करना भी महत्वपूर्ण है।

जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दिल्ली के सांस्कृतिक प्रभारी जय सिंह दुगड़ और मीडिया प्रभारी हरीश जैन (बरड़िया) ने कहा कि बच्चों को खेल का अवसर देना उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मकता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ खिलाड़ियों और बच्चों की एक साथ भागीदारी खेल के माध्यम से पीढ़ियों के बीच संवाद और मैत्री को मजबूत करती है।

आयोजकों के अनुसार, बॉक्स क्रिकेट का यह आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ टीम के रूप में बेहतर प्रदर्शन करने, रणनीति बनाने और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर देगा। वरिष्ठ खिलाड़ियों का अनुभव और बच्चों का उत्साह प्रतियोगिता को विशेष रूप से आकर्षक बनाएगा।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"ॐ ह्रीं श्रीं अर्हम् नमः के सवा लाख जाप

देशभर में गच्छाधिपति के चातुर्मास

राजस्थान की दिव्या जैन का गुजरात न्यायिक सेवा में जज पद पर चयन