मास कम्युनिकेशन एवं व्यक्तित्व विकास पर प्रभावी कार्यशाला
के.के. कॉलेज का आयोजन
इंदौर :- के.के. कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए मास कम्युनिकेशन एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन रुचि चोविश्या जैन ने किया। वे मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रतिष्ठित नाम हैं तथा ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष हैं। वे डीडी नेशनल की न्यूज़ एंकर, ऑल इंडिया रेडियो की होस्ट तथा साधना चैनल के ‘कवियों की चौपाल’ की टीवी प्रस्तुतकर्ता रह चुकी हैं।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों के परिचय को भी एक रोचक गतिविधि के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके साथ टू ट्रुथ्स एंड वन लाई, चाइनीज़ व्हिस्पर, एआई वर्सेस फेक न्यूज़ और रिपोर्ट राइटिंग जैसी गतिविधियाँ कराई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रभावी संचार, सक्रिय श्रवण, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, रचनात्मक सोच तथा समाचार लेखन जैसे महत्वपूर्ण कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए हर्षिता, काजल, कनिष्क, सलोनी और अथर्व को ‘राइजिंग स्टार’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से विद्यार्थियों के उत्साह, सीखने की रुचि और प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यशाला में कॉलेज के प्राचार्य पवन तिवारी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं कंप्यूटर विभाग से जुड़े मधुर सर ने कार्यक्रम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ संवाद कौशल और व्यक्तित्व विकास को व्यावहारिक रूप से समझने का प्रभावी माध्यम बनी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें