मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत कलेक्टर ने विभिन्न ग्रामों का निरीक्षण किया

आंगनवाड़ी, विद्यालय, स्वास्थ्य सेवाओं, नलजल योजना, उचित मूल्य दुकान सहित निर्माण कार्यों को देखा


शाजापुर :-
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर ऋजु बाफना ने शाजापुर जिले के पंचदेहरिया, ढाबलाघोसी, तिलावद मैना, अरनियाखुर्द, अरण्डिया एवं पाडलिया सहित विभिन्न ग्रामों का निरीक्षण कर शासन की योजनाओं एवं विभागीय व्यवस्थाओं को देखा।

कलेक्टर बाफना ने ग्राम पंचदेहरिया में आंगनवाड़ी क्रमांक-2 का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बच्चों की कम उपस्थिति पाए जाने तथा सुपरवाइजर द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने पर सुपरवाईजर की एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 01 में बच्चों की उपस्थिति नहीं होने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों आंगनवाड़ी केन्द्रों का संचालन एक ही कक्ष में करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को दिए।

कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर राशन वितरण एवं उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली। ग्रामीणों से चर्चा कर नाली सहित अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।उन्होंने शासकीय एकीकृत हाई स्कूल पंचदेहरिया में शौचालय, मध्याह्न भोजन, एफएलएन गतिविधियों, कक्षाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। खराब एलईडी टीवी तत्काल ठीक कराने, विद्यालय में उपलब्ध अतिरिक्त फर्नीचर अन्य विद्यालयों को उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में साफ-सफाई एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर सुश्री बाफना ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

बाफना ने  ग्राम ढाबलाघोसी के प्राथमिक विद्यालय में एफएलएन गतिविधियों के तहत कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों से पढ़ाई, जोड़-घटाव एवं शैक्षणिक स्तर का आंकलन किया। साथ ही उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया। शिक्षकों को ट्रैकर संधारित करने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

तिलावद मैना स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री बाफना ने दवा वितरण केन्द्र, एएनसी वार्ड, लेबर रूम, स्टोर एवं रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता एवं एक्सपायरी दवाओं का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने एएनसी और एचआर की ऑनलाइन एन्ट्री कराने के निर्देश बीएमओ को दिये।

जिलाधिकारी ने ग्राम अरनियाखुर्द में प्राथमिक कृषि साख समिति का निरीक्षण कर यूरिया भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली तथा किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी। अरनियाखुर्द में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल जल योजना के निरीक्षण के दौरान घर-घर जाकर पेयजल आपूर्ति की स्थिति देखी। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ को हस्तांतरित की गई नलजल योजनाओं के खुले नलों में टोटी लगवाने तथा नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये व ग्राम पाडलिया में जल निगम द्वारा निर्माणाधीन पेयजल टंकी का निरीक्षण कर परिसर में बाउंड्रीवॉल निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही यहां हाई स्कूल विद्यालय में में विद्यार्थियों से चर्चा की। इस दौरान विद्यार्थियों ने खातीखेड़ी से पाडलिया तक सड़क निर्माण की मांग रखते हुए आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बाफना ने अरण्डिया में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन के निरीक्षण के दौरान भवन में खराब ईंट का उपयोग करने पर संबंधित ठेकेदार पर नाराजगी व्यक्त की और भवन में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर अंकिता पाटकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"ॐ ह्रीं श्रीं अर्हम् नमः के सवा लाख जाप

देशभर में गच्छाधिपति के चातुर्मास

राजस्थान की दिव्या जैन का गुजरात न्यायिक सेवा में जज पद पर चयन