पाल्याकला में पारंपरिक तेजाजी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ,
तेजा दशमी पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब
नागदा (जीवन जैन) :- पाल्याकला स्थित नवकली नाग महाराज एवं वीर तेजाजी महाराज मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले पारंपरिक तेजाजी मेले का रविवार को विधि-विधान से भव्य शुभारंभ हुआ। तेजा दशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय मेले को लेकर नगर पालिका प्रशासन एवं मेला समिति द्वारा श्रद्धालुओं, व्यापारियों तथा आमजन की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में विद्युत सज्जा, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं की गई है।
मेले के शुभारंभ अवसर पर मंदिर में पंडित के माध्यम से कलश पूजन सहित विधि-विधान से नवकली नाग महाराज एवं वीर तेजाजी महाराज की पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, पूर्व मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथि विधायक डॉक्टर तेज बहादुर सिंह चौहान, पूर्व मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोष गेहलोत, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ओ.पी. गेहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा,भाजपा जिला महा मंत्री राकेश यादव, बिरलाग्राम मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन, एल्डरमैन हनुमान प्रसाद शर्मा,ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोवर्धन परिहार,नगर महामंत्री दौलत राम प्रजापत, महामंत्री सूरज मकवाना, सभापति भावना रावल, क्षेत्र की पार्षद देव कंवर पटेल, हेमलता बागड़ी महिला उपाध्यक्ष, लता खेतान, गौरव यादव, विजय सिंह सिसोदिया, सुबोध स्वामी,निलेश मेहता, छोटेलाल मल्लाह, फूलवती मल्लाह, योगेश, गिरधारी लाल सोनी, मानसिंह चौधरी, अमर सोलंकी, भवानी सिंह देवड़ा, बंटू बोडाना, जीवन चंद्रवंशी, रविंद्र सिंह राणावत, ओम प्रकाश चौहान, नरेंद्र कोठारी, राकेश चौहान, संजय राठौर, निलेश प्रजापत, अभिषेक पोरवाल, दीपक जैन, अर्जुन परिहार, सुनील साहनी, शंकर लाल प्रजापत, जगदीश बागड़ी आदि, पार्षद गण सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति, मंदिर प्रबंध समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
तेजा दशमी पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
सोमवार को तेजा दशमी के अवसर पर नागदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वीर तेजाजी महाराज के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पाल्याकला पहुंचेंगे। श्रद्धालु परंपरानुसार तेजाजी महाराज को निशान चढ़ाकर अपनी आस्था व्यक्त करेंगे। तेजाजी महाराज की लोकमान्यता विशेष रूप से सर्पदंश एवं जहरीले जीव-जंतुओं से रक्षा से जुड़ी हुई है। इसी आस्था के चलते तेजा दशमी पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन का क्रम चलता है।
धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति का संगम
तेजा दशमी वीर तेजाजी महाराज की लोक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। राजस्थान और मध्यप्रदेश के अनेक क्षेत्रों में इस अवसर पर तेजाजी मंदिरों में मेले, कथा, भजन-कीर्तन तथा लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पाल्याकला का यह पारंपरिक मेला भी धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मेल-जोल और लोक संस्कृति का केंद्र बनता है।
दो दिन होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
मेले के दौरान रविवार रात्रि को वीर तेजाजी महाराज की कथा एवं भजन संध्या का आयोजन रखा गया। वहीं सोमवार को दिनभर मेला आयोजित होगा। सोमवार रात्रि 8 बजे सोनू शर्मा आर्ट ग्रुप, नई दिल्ली द्वारा भव्य भजन संध्या एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक भजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
व्यापारियों और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं पर जोर
नगर पालिका प्रशासन एवं मेला समिति द्वारा मेले में आने वाले व्यापारियों के लिए निर्धारित स्थान, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाओं को बेहतर किया गया है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में आवागमन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर भी संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान
विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने तेजाजी महाराज के पारंपरिक मेले को क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत बताते हुए नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से मेले में शामिल होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने का आह्वान किया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों का मेले में स्वागत करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजन में सहभागिता की अपील की। जानकारी नगर मंडल के मीडिया प्रभारी नितेश मेहता ने दी। नागदा से जीवनलाल जैन की रिपोर्ट


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें