अयोध्या में 25 अक्टूबर को होगा दिगम्बर जैन सर्वजातीय राष्ट्रीय सम्मेलन
साध्वी मृगावतीजी संयम जीवन के 75 वर्ष
35 जातीय संगठनों के राष्ट्रीय पदाधिकारी होंगे शामिल, अनेक मुद्दों सहित जनगणना पर भी होगी चर्चा
राजेंद्र जैन, महावीर
अयोध्या। भारतवर्षीय दिगम्बर जैन सर्वजातीय महासंघ के अंतर्गत दिगम्बर जैन त्रिलोक शोध संस्थान, जम्बूद्वीप-हस्तिनापुर के तत्वावधान में आगामी 25 अक्टूबर 2026, रविवार को प्रातः 9 बजे भगवान ऋषभदेव जन्मभूमि दिगम्बर जैन तीर्थ, बड़ी मूर्ति, अयोध्या में दिगम्बर जैन सर्वजातीय राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन सर्वप्राचीन दीक्षित गणिनीप्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी के 75वें संयम दिवस एवं 93वीं जन्मजयंती के अवसर पर आयोजित शरदपूर्णिमा ज्ञानांजलि महोत्सव के अंतर्गत होगा।
भारतवर्षीय दिगम्बर जैन सर्वजातीय महासंघ के अध्यक्ष कर्मयोगी पीठाधीश स्वस्तिश्री रवीन्द्रकीर्ति स्वामीजी के मार्गदर्शन तथा महामंत्री हसमुख जैन गांधी, इंदौर के संयोजन में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के विभिन्न दिगम्बर जैन जातीय संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे। हसमुख जैन गांधी ने बताया कि 84 जातियों में से लगभग 35 जातीय संगठनों के राष्ट्रीय पदाधिकारी सम्मेलन में विशेष रूप से सम्मिलित होंगे। इसके साथ ही चतुर्थ एवं पंचम जाति से पूज्य भट्टारक स्वामीजी के भी पधारने की संभावना है।
सराक, पोंड्रा और मातंग समाज के जैन धर्म में पुनरागमन पर चर्चा
महामंत्री हसमुख जैन गांधी ने विशेष रूप से बताया कि सम्मेलन में सराक, पोंड्रा एवं मातंग समाज की जैन धर्म में वापसी भी महत्वपूर्ण विषय रहेगा। उन्होंने बताया कि इन समाजों का संबंध प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के समय से माना जाता है। कालांतर में ये समाज जैन धर्म से विमुख हो गए थे, लेकिन अब अनेक लोग पुनः जैन धर्म को स्वीकार कर धार्मिक परंपराओं एवं सिद्धांतों का पालन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन समाजों के निवास क्षेत्रों में जैन धर्म के प्रति बढ़ती आस्था के साथ जैन मंदिरों का भी तीव्र गति से निर्माण हो रहा है। सम्मेलन में इस धार्मिक एवं सामाजिक परिवर्तन को प्रोत्साहित करने तथा इन समाजों को मुख्यधारा से जोड़ने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
सामाजिक एकता का संदेश
सम्मेलन का मूल उद्देश्य दिगम्बर जैन समाज की विभिन्न जातियों के बीच सामाजिक एकता को मजबूत करना, जातीय संगठनों को सशक्त बनाना तथा उनके सामाजिक, धार्मिक एवं रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में ‘जैन धर्म है, जाति नहीं’ की भावना को केंद्र में रखते हुए समाज की एकजुटता और व्यापक संगठनात्मक स्वरूप पर भी चर्चा होगी।
आयोजकों के अनुसार जैनधर्म की अनादिकालीन परंपरा में 84 जातियों का उल्लेख मिलता है। वर्तमान में अस्तित्व में मौजूद विभिन्न जातीय संगठनों और समाज के श्रावक-श्राविकाओं को सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन का उद्देश्य जातिगत विभाजन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाकर जैन समाज की धार्मिक एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
आगामी जनगणना को लेकर भी होगा मंथन
सम्मेलन में आगामी जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विद्वानों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। जैन समाज की सामाजिक पहचान, जनसंख्या संबंधी आंकड़ों, धार्मिक पहचान तथा समाज के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर विद्वान अपने विचार रखेंगे। आयोजकों का मानना है कि बदलते सामाजिक परिवेश में इस विषय पर समाज में जागरूकता और उचित मार्गदर्शन आवश्यक है।
महासंघ ने सभी जातीय संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से पूज्य गणिनीप्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी की आज्ञा एवं प्रेरणा को स्वीकार करते हुए अधिक से अधिक संख्या में अयोध्या पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।
26 अक्टूबर को मनाई जाएगी 93वीं जन्मजयंती
सम्मेलन के अगले दिन 26 अक्टूबर को पूज्य गणिनीप्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी की 93वीं जन्मजयंती का भव्य आयोजन किया जाएगा। जन्मजयंती के अवसर पर प्रातः, मध्यान्ह एवं रात्रि में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। शरदपूर्णिमा जैसे विशेष अवसर पर अयोध्या पहुंचकर पूज्य माताजी का मंगल आशीर्वाद प्राप्त करना समाजजनों के लिए विशेष सौभाग्य का अवसर होगा।
अयोध्या में आवास एवं भोजन की व्यवस्था
अयोध्या पहुंचने के लिए सीधे रेल अथवा हवाई मार्ग का उपयोग किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त लखनऊ तक रेल अथवा हवाई मार्ग से पहुंचकर वहां से अयोध्या जाया जा सकता है। लखनऊ से अयोध्या की दूरी लगभग 130 किलोमीटर है। लखनऊ से अयोध्या पहुंचने की सुविधा तथा अयोध्या में आवास एवं भोजन की व्यवस्था अयोध्या तीर्थक्षेत्र कमेटी द्वारा की जाएगी।
आवास हेतु संपर्क:
सुभाष सेठीया — 9826048424
पवन बागड़िया — 9981135235
अयोध्या कार्यालय:
9520554138, 9520554171
महामंत्री हसमुख जैन गांधी, इंदौर:
9302103513

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें