प्लेनेटेरिया कॉम्प्लेक्स भायंदर की प्रथम तीर्थ यात्रा सम्पन्न
श्री भैरव भक्त परिवार का आयोजन
भायंदर :- श्री शांति लब्धि जैन संघ, प्लेनेटेरिया कॉम्प्लेक्स (भायंदर पश्चिम) के प्रांगण से श्री भैरव भक्त परिवार द्वारा आयोजित तीर्थ यात्रा प्रवास श्रद्धा, भक्ति एवं धर्माराधना के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।यात्रा का शुभारंभ श्री संघ के मूलनायक श्री शांतिनाथ भगवान के दर्शन, आरती एवं मंगल दीपक के पश्चात तथा संघ में विराजित साध्वीजी भगवंत के मांगलिक के साथ हुआ।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम राता महावीरजी तीर्थ में सेवा-पूजा एवं अष्टप्रकारी सामग्री अर्पण का लाभ लिया। तत्पश्चात प्रकट प्रभावी शांतिनाथ जिनालय, सेवाड़ी तीर्थ में दर्शन-पूजन किए। यहां मातृश्री नेनुबाई मोहनलालजी पोरवाल के निवास स्थान पर श्रीसंघ का आत्मीय स्वागत किया गया।इसके बाद यात्रियों ने सेसली पार्श्वनाथ भगवान एवं बालराई स्थित श्री चंद्रप्रभु स्वामी जिनालय में दर्शन एवं अष्टप्रकारी सामग्री अर्पण का लाभ प्राप्त किया। साथ ही चातुर्मास विराजित परम पूज्य साध्वी भगवंत श्री अक्षयरसाश्रीजी (मधु) म.सा. के दर्शन एवं मांगलिक श्रवण का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ।
यात्रा के दूसरे चरण में भैरव भक्त ने नाकोड़ाजी तीर्थ में पूरे दिन सेवा-पूजा, दर्शन, अष्टप्रकारी सामग्री अर्पण एवं संध्या आरती का लाभ लिया। इसके पश्चात श्रीसंघ भाण्डवपुर तीर्थ के लिए प्रस्थान किया। अंतिम दिवस पर यात्रियों ने भाण्डवपुर तीर्थ, 72 जिनालय भीनमाल, जीरावला तीर्थ तथा वरमाण तीर्थ में भगवान महावीर स्वामी के दर्शन एवं अष्टप्रकारी सामग्री अर्पण का लाभ लिया। इसके बाद आबूरोड से सभी भैरव भक्त सुनहरी एवं अविस्मरणीय धार्मिक स्मृतियों के साथ भायंदर के लिए रवाना हुए।
यात्रा के दौरान विभिन्न लाभार्थी परिवारों का नाकोड़ाजी तीर्थ में बहुमान एवं अनुमोदना की गई। संपूर्ण यात्रा का सफल संचालन एवं व्यवस्थापन महेंद्र पोरवाल एवं मनीष मुणोत के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।यात्रा में सहभागी सभी भैरव भक्तों ने इस प्रथम तीर्थ यात्रा को अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक अनुभूति से परिपूर्ण बताया।

बहुत सुंदर यात्रा
जवाब देंहटाएं