राष्ट्रसंत चंद्रानन के नेतृत्व में रविवार से पर्यावरण संरक्षण अभियान

नाकोड़ा धाम में विराट आचार्य पदवी रजत महोत्सव आयोजन


मुंबई।
आदिवासी इलाके पालघर जिले से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक अभिनव अभियान शुरू हो रहा है। राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर के नेतृत्व में रविवार से इस अभियान की शुरुआत वृक्षारोपण से होगी।  चंद्रानन सागर की प्रेरणा से पिछले कुछ सालों में 1 लाख से ज्यादा वृक्षारोपण हो चुका है। 

गोडवाड़ इलाके में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रही ज्योति मुणोत के संयोजन में रविवार को पालघर के ढेकाले गांव स्थित नाकोड़ा दर्शन धाम में 24 तीर्थंकरों तथा गच्छाधिपति दर्शन सागर महाराज के नाम पर वृक्षारोपण होगा। राष्ट्रसंत चंद्रानन सागर महाराज की आचार्य पदवी की 25वीं वर्षगांठ पर पालघर जिले के आदिवासी समुदाय में वृक्षारोपण, पर्यावरण, जल संरक्षण, रोजगारपरक प्रक्षिक्षण व नशामुक्ति हेतु जागरूकता अभियान जैसे भी कुछ अभिनव कार्य होने जा रहे हैं। श्रीमती मुणोत के अनुसार साध्वी कल्पितश्रीजी व चारुताश्रीजी के मार्गदर्शन में आदिवासी महिलाओं के सशक्तिकरण व कौशल्य विकास की दिशा में भी एक अलग अभियान चल रहा है। राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागरजी की पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक पैमाने पर वृक्षारोपण के अलावा आदिवासी कल्याण की इस मुहिम के तहत वहां पर जल संरक्षण के क्षेत्र में भी कुछ योजनाओं पर तैयारी चल रही है। पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रयासरत मुणोत के अनुसार पालघर के आदिवासी इलाकों में पिछले कुछ समय से वृक्षों की अंधाधुंध कटाई हो रही है, जिसे रोकने के लिए आदिवासी समाज को जागरुक करने की भी ज़रूरत है। 

नाकोड़ा दर्शन धाम में रविवार को विराट पैमाने पर आचार्य पदवी रजत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढा, पूर्व मंत्री राज के पुरोहित, विरार के विधायक हितेंद्र ठाकुर, सांसद अनिल देसाई, विधायक रविंद्र फाटक, मीरा भायंदर की विधायक गीता जैन,सैलो ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राठौड़, उद्योगपति चुन्नीलाल चंदन, रमेश पामेचा, ओमप्रकाश मेहता व मोहनखेड़ा तीर्थ के ट्रस्टी हुकमीचंद आदि अतिथियों के हाथ से पालघर जिले में वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत होगी। आयोजन के लाभार्थी शकुंतलादेवी पुखराज चौहान व मदनबेन ज्योतिचंद्र तेलीसरा है। नाकोड़ा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष कांतिभाई शाह के नेतृत्व में  आचार्य पदवी रजत महोत्सव  की बड़े पैमाने पर चल रही तैयारियों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस आयोजन में देश भर से आचार्य चन्द्रानन सागर के अनुयायी उपस्थित रहेंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम