राज्यसभा सांसद नीरज डांगी के सम्मान में अभिनंदन समारोह
20 जून को मुंबई में होगा आयोजन
मुंबई प्रवासी राजस्थानी समाज के प्रमुख संगठन राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ द्वारा राजस्थान से लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित सांसद नीरज डांगी के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 20 जून 2026, शनिवार को शाम 7 बजे गिरगांव स्थित गोल्डन व्हील होटल में आयोजित होगा, जिसमें प्रवासी राजस्थानी समाज के उद्योगपति, समाजसेवी, व्यापारी एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने बताया कि नीरज डांगी लंबे समय से प्रवासी राजस्थानियों के हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। राज्यसभा में उनके निर्विरोध पुनर्निर्वाचन को राजस्थान तथा प्रवासी समाज के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। इसी खास उपलब्धि के उपलक्ष्य में उनका सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा।
राजस्थान के विकास और राजस्थानियों के हित में डांगी के परिवार का विशेष योगदान रहा है। राज्यसभा में भी सांसद डांगी रेल विकास व जैन तीर्थो के मुद्दे उठाते रहे हैं और प्रवासी संघ के पदाधिकारियों की रेल मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात में भी नीरज डांगी की विशेष भूमिका रही है। सांसद डांगी के दिवंगत पिता एवं राजस्थान सरकार में मंत्री रहे दिनेश राय डांगी का भी प्रवासी संघ के साथ लंबा आत्मीय संबंध रहा और उन्होंने प्रवासी समाज को संगठित करने के प्रयासों को सदैव प्रोत्साहित किया।
प्रवासी संघ के सचिव निरंजन परिहार के अनुसार समारोह के दौरान समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा होगी तथा प्रवासी राजस्थानियों की भावी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। पिछले 48 साल से मुंबई में बसे राजस्थानियों की रेल विकास सुविधाओं सहित उनको सामाजिक, सांस्कृतिक और पारस्परिक सहयोग के सूत्र में बांधने का कार्य राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ कर रहा है।
संघ समय-समय पर प्रतिभा सम्मान, चिकित्सा सहायता, छात्रवृत्ति, आपदा राहत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजन करता रहा है। इसके अलावा संघ राजस्थान और मुंबई सहित दक्षिण भारत के बीच रेल सेवाओं के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह आयोजन न केवल नीरज डांगी के सम्मान का अवसर होगा, बल्कि प्रवासी राजस्थानियों की एकता, सामाजिक सहभागिता और राजस्थान के प्रति उनके लगाव का भी प्रतीक बनेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें