सांसद गहलोत और चौधरी रेल मंत्री से मिलेंगे, प्रवासी संघ की मांग को रखेंगे
प्रवासी संघ की नई कार्यकारिणी का गठन
विशेष संवाददाता
मुंबई। राजस्थान के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत एवं जालौर सिरोही के सांसद लुंबाराम चौधरी ने मुंबई और जोधपुर के बीच नई सुपरफास्ट रेल सेवा शुरू कराने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुंबई में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में दोनों जनप्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि वे अगले सप्ताह केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करके मुंबई से मारवाड़ जंक्शन होते हुए जोधपुर तक नई सुपरफास्ट ट्रेन सेवा शीघ्र प्रारंभ करने की मांग रखेंगे। दोनों सोंग्स दुनिया में आश्वासन दिया कि वह आगामी 5 जून को होने वाले प्रवासी संघ के 47 में वार्षिक अधिवेशन में भी हिस्सा लेंगे।
मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित होटल ट्राइडेंट में सांसदों से हुई इस मुलाकात में राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका सहित राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार, प्रवासी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी कांति कितावत और नरेंद्र मंडोत उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई और राजस्थान के बीच बढ़ती यात्री संख्या, मौजूदा रेल सेवाओं में भीड़ और प्रवासी यात्रियों की कठिनाइयों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि राजस्थान के प्रवासियों की यात्रा संबंधी समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए नई रेल सेवा की मांग को केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मुंबई–मारवाड़ जंक्शन–जोधपुर रेल सेवा को जल्द शुरू करने की पैरवी की जाएगी।
जालौर–सिरोही लोकसभा सांसद लुंबाराम चौधरी ने भी कहा कि मुंबई से राजस्थान आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि आगामी 22 मई को रेल मंत्री से प्रस्तावित मुलाकात में इस नई रेल सेवा की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके। बैठक के दौरान दोनों सांसदों ने राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ को पिछले 47 वर्षों से रेल सेवाओं के विस्तार, नई ट्रेनों की मांग और प्रवासी यात्रियों की सुविधाओं के लिए निरंतर संघर्ष करने पर बधाई भी दी।
उल्लेखनीय है कि संघ लंबे समय से मुंबई और जोधपुर के बीच नई रेल सेवा शुरू करने की मांग करता रहा है। नई सुपरफास्ट ट्रेन शुरू होने की स्थिति में मुंबई और आसपास रहने वाले राजस्थान मूल के लाखों प्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है। प्रवासी संघ का 47 व अधिवेशन 5 जून को मुंबई में होने जा रहा है उसे अधिवेशन में भी दोनों सांसदों ने उपस्थित रहकर सभी से मिलने की इच्छा जताई

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें