पश्चिम रेलवे पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

 महिला दिवस के उपलक्ष्य में पश्चिम रेलवे पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन


मुंबई :-
पश्चिम रेलवे ने 8 मार्च, 2022 को चर्चगेट स्थित अपने मुख्यालय और सभी मंडल कार्यालयों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर के अनुरूप एवं इसे और अधिक विशेष बनाने के लिए पश्चिम रेलवे एवं मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार लाहोटी ने पश्चिम रेलवे की सुश्री रुचिता विनेरकर को सम्मानित किया, जो मिस्र के काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ शूटिंग विश्व कप में भाग लेने वाली भारतीय महिला टीम का हिस्सा थीं और जिन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

 पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, सुमित ठाकुर द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे हमेशा अपनी सम्मानित महिला यात्रियों के लिए विभिन्न सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ महिला शक्तिकरण की दिशा में अग्रणी रहा है। पश्चिम रेलवे की कई महिला कर्मचारियों ने नौकरियों को लेकर अपने लिए एक खास जगह बनाई है, विशेषकर उनमें जिन्हें कभी पुरुषों के वर्चस्व वाली माना जाता था। इस दिन को महिला कर्मचारियों के लिए यादगार और खास बनाने के लिए पश्चिम रेलवे में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। चर्चगेट स्थित मुख्यालय कार्यालय में सर्वाइकल कैंसर और इसके निवारक उपायों पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. निशा सिंह द्वारा महिला कर्मचारियों के एक संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया। इसके बाद विभिन्न मनोरंजक और प्रतिभा को उजागर करने वाली गतिविधियों जैसे गायन प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला दिवस के अवसर पर चर्चगेट स्टेशन पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।

 ठाकुर ने बताया कि मुंबई सेंट्रल डिवीजन में चिकित्सा विभाग के सहयोग से बांद्रा स्वास्थ्य इकाई में एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया जिसमें मुंबई मंडल के पश्चिम रेलवे महिला कल्‍याण संगठन की अध्यक्षा  शीला सत्य कुमार, मुंबई सेंट्रल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहुआ हलदर, एसीएमएस/बांद्रा डॉ. स्वाति सिंह, सीनियर डीएमओ/बांद्रा डॉ. अनुपमा वर्मा, एडीएमओ डॉ. नेहा सिंह, पश्चिम रेलवे महिला कल्‍याण संगठन की सदस्याएं, पैरामेडिकल स्टाफ और लगभग 100 महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसी प्रकार रेलवे अस्पताल वलसाड में भी पश्चिम रेलवे महिला कल्‍याण संगठन के सहयोग से महिला दिवस मनाया गया। महिला कर्मचारियों के लिए एक संपूर्ण स्वास्थ्य जांच का आयोजन किया गया जिसमें हीमोग्लोबिन, आंखों की जांच, पैप स्मीयर, स्तन जांच आदि सहित स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच शामिल थीं। शिविर में भाग लेने वाली महिलाओं को उपहार वितरित किए गए।

मुंबई सेंट्रल मंडल कार्यालय में पश्चिम रेलवे महिला कल्‍याण संगठन, मुंबई मंडल की अध्‍यक्षा शीला सत्य कुमार ने बालिकाओं को स्कूल बैग वितरित किए और अच्छा प्रदर्शन करने वाली और शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट ग्रेड हासिल करने वाली स्टाफ की बालिकाओं को साइकिल उपहार में दी गई। पश्चिम रेलवे के मुंबई उपनगरीय खंड की महिला विशेष ट्रेन में योग सत्र आयोजित किया गया। इसमें महिला यात्रियों को फिटनेस के लिए अपनी यात्रा समय का उपयोग करना सिखाया गया जिसमें तनाव दूर करने के तरीके और ध्यान शामिल थे।

 अहमदाबाद मंडल द्वारा इस शुभ अवसर पर भारतीय रेलवे के विकास और समृद्धि में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए एक प्रेरणास्पद वीडियो जारी किया गया। इसी प्रकार रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रमुख चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर व्याख्यान दिए गए। रतलाम रेलवे स्टेशन पर महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता पर एक नुक्कड़ नाटक भी किया गया।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमण संघीय साधु साध्वियों की चातुर्मास सूची वर्ष 2024

पर्युषण महापर्व के प्रथम पांच कर्तव्य।

तपोवन विद्यालय की हिमांशी दुग्गर प्रथम