हमारी इस खरीदारी से शहर के अनेक छोटे-बड़े व्यापारियों का कारोबार जुड़ा हुआ है?*
अरे... मॉल से ही खरीदारी करोगे तो दीपावली कैसे मनेगी !*
आनन्द भैया गॉधी, सीहोर
दीपावली आते ही बाजार में रौनक बढ़ जाती है। क्योंकि घरों की रंगाई-पुताई शुरु हो जाती है, नए कपड़े खरीदे जाते हैं, मिठाइयां, नमकीन, किराना, पूजा सामग्री, दीपक, रूई, तेल, झालर और सजावटी सामान खरीदे जाना शुरु हो जाते हैं। निश्चित ही हमारी इस खरीदारी से शहर के अनेक छोटे-बड़े व्यापारियों का कारोबार जुड़ा हुआ है?
दीपावली पर हम साल में शायद पहली बार कुम्हार की दुकान पर पहुंचकर मिट्टी के दीपक खरीदते हैं। रूई वाले से दस-पंद्रह रुपये की रूई खरीदते हैं। चूना, खड़ी मिट्टी और पीली मिट्टी बेचने वालों से लेकर रंग-पेंट के दुकानदारों तक जाते हैं । कपड़ा व्यापारी, दर्जी, जूते-चप्पल वाले, धनतेरस पर बर्तन व्यापारी- सोना-चॉदी के जेवर व्यापारी से लेकर किराना दुकानदार, मिठाई-नमकीन विक्रेता, फूल वाले, पूजा सामग्री बेचने वाले, मूर्तिकार, खिलौने और स्टेशनरी वाले सभी को इस पर्व से कारोबार मिलता है, खरीदारी के बहाने हमारा भी उनसे मिलना हो जाता है । *दीपावली की खरीदारी से शहर के सैकड़ों छोटे-बड़े व्यापारियों की आजीविका जुड़ी होती है, तभी तो एक नया ही बाजार सज जाता है, सैकड़ो छोटे व्यापारी दुकानें सजा लेते हैं ।*
क्या आपको नहीं लगता कि दीपावली केवल खरीदारी का पर्व नहीं, बल्कि अपने शहर के तमाम व्यापारियों तक पहुंचने,* उनसे मिलने और अपनी सामर्थ्य के अनुसार कुछ न कुछ खरीदकर उनकी खुशियों में भी भागीदार बनने का पर्व है।लेकिन आज मॉल संस्कृति में हम इस परंपरा को भूलते जा रहे हैं। हमारी कोशिश होती है कि एक ही बड़े मॉल में पहुंचकर कपड़े भी खरीद लें, मिठाई भी, नमकीन भी, किराना भी और घर की सजावट का सामान भी। यानी अपनी पूरी खरीदारी एक ही प्रतिष्ठान से निपटा लें।
लेकिन जरा ठहरकर सोचिए! यदि आपने दीपावली की पूरी खरीदारी एक बड़े मॉल के व्यापारी से ही कर ली, तो क्या आपने वास्तव में दीपावली मना ली? मेरा मानना है कि नहीं! आपने खरीदारी तो कर ली, लेकिन दीपावली मनाना तो भूल ही गए ।*क्योंकि दीपावली का वास्तविक उद्देश्य केवल अपने घर में सामान जुटाना और रोशनी करना नहीं है। इसका उद्देश्य यह भी है कि हमारे पास जो पूंजी है, उसका एक अंश शहर के अलग-अलग छोटे-बड़े व्यापारियों तक खुशियां के रूप में पहुंचें, जो सालभर इस त्योहार की प्रतीक्षा करते हैं।
जब आपकी खरीदारी का पैसा शहर के अनेक दुकानदारों के हाथों तक पहुंचेगा, जब आपकी छोटी-छोटी खरीदारी से उनके घरों में भी खुशहाली आएगी, तभी आपकी दीपावली सही अर्थों में मनेगी।*
इसलिए इस दीपावली केवल एक ब़ड़े मॉल से पूरी खरीदारी करके लौट आने को दीपावली मनाना मत समझिए। अपने शहर के छोटे-छोटे दुकानदारों तक भी पहुंचिए। उनसे मिलिए, बातचीत कीजिए और भले ही थोड़े रुपये का सामान खरीदिए, लेकिन उनकी खुशियों में अपनी भागीदारी जरूर निभाइए।याद रखिए, दीपावली में केवल आपका घर रोशन होना पर्याप्त नहीं है। आपके धन से दूसरों के घरों में भी खुशियों का दीप जलना चाहिए। यही दीपावली है, तभी तभी इस पर्व का वास्तविक आनंद है। आपको दीपोत्सव की शुभकामनाएं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें